Palamu News: देवरी ओपी क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 400 किलो जावा महुआ नष्ट

पलामू जिले के हुसैनाबाद प्रखंड के देवरी ओपी क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब बनाने वालों के खिलाफ अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। सोन नदी किनारे कई स्थानों पर छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब 400 किलो जावा महुआ बरामद किया, जिसका इस्तेमाल शराब बनाने में किया जाता था। बरामद महुआ को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अवैध शराब तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और भट्टियों को भी तोड़ दिया। पुलिस का कहना है कि लंबे समय से इस इलाके में अवैध शराब बनाने की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद गुप्त सूचना के आधार पर यह अभियान चलाया गया।
देवरी ओपी प्रभारी राजू गुप्ता ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए आगे भी लगातार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से भी ऐसे मामलों की जानकारी पुलिस को देने की अपील की है।

