JHARKHAND: दुनियाभर के 10 हजार स्टार्टअप में झारखंड के Open Field ने बनाई जगह टॉप-10 में हुआ चयन

झारखंड के स्टार्टअप Open Field ने वैश्विक स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। Moonshots for Development Open Innovation Challenge में दुनिया भर से आए 10 हजार से अधिक आवेदनों में से केवल 10 टीमों का चयन किया गया जिनमें झारखंड का Open Field भी शामिल है।
संस्था के संस्थापक कुमार अभिषेक ने बताया कि इस उपलब्धि से जंगल आधारित आजीविका और आदिवासी समुदायों के उत्पादों को राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने का रास्ता और मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि इस मंच के जरिए उनके इनोवेशन और उत्पादों को वैश्विक पहचान मिलेगी।
इस अंतरराष्ट्रीय चैलेंज का आयोजन VentureWell ने किया है। इसमें IFAD ADB IDB Lab CGIAR Accelerate for Impact Platform (A4IP) European Space Agency (ESA) European Bank for Reconstruction and Development (EBRD) International Innovation Hub (IIH) और European Institute of Innovation for Sustainability (EIIS) जैसे कई प्रतिष्ठित वैश्विक संस्थान जुड़े हुए हैं।
कुमार अभिषेक ने बताया कि Open Field की शुरुआत वर्ष 2022 में हुई थी। इसके सभी संस्थापक झारखंड से हैं। बाहर पढ़ाई और काम करने के दौरान उन्हें एहसास हुआ कि जंगल आधारित उत्पादों की वैश्विक बाजार में अच्छी मांग है, लेकिन इसका लाभ किसानों तक नहीं पहुंच पाता। इसी सोच के साथ उन्होंने गांवों में काम शुरू किया और तकनीक के माध्यम से किसानों की उपज को बेहतर बाजार से जोड़ने की पहल की।
उन्होंने बताया कि इस सफर में आईआईएम बेंगलुरु और आईआईटी खड़गपुर जैसे संस्थानों का भी सहयोग मिला। शोध और तकनीकी नवाचार के आधार पर कई मशीनें और प्रक्रियाएं विकसित की गईं जिससे जंगल आधारित उत्पादों की प्रोसेसिंग और गुणवत्ता में सुधार हुआ।
कुमार अभिषेक के अनुसार स्थानीय समुदायों के सहयोग से संस्था कम समय में हजारों किसानों से जुड़ने में सफल रही और अब राष्ट्रीय से अंतरराष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना रही है।
कृषि ग्रामीण विकास खाद्य सुरक्षा और जलवायु परिवर्तन जैसी वैश्विक चुनौतियों के समाधान के लिए नवाचारों को बढ़ावा देने वाली एक प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय पहल है। ऐसे मंच पर Open Field का चयन झारखंड के स्टार्टअप और नवाचार इकोसिस्टम के लिए भी एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

