ऑपरेशन भरोसा बना लोगों की उम्मीद, रामगढ़ पुलिस ने 125 गुम मोबाइल लौटाकर जीता विश्वास

RAMGARH : रामगढ़ पुलिस ने ऑपरेशन भरोसा के तहत 125 गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे। एक महीने तक चले इस विशेष अभियान के बाद न्यू टाउन हॉल में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत ने स्वयं लोगों को उनके मोबाइल लौटाए। लंबे समय से अपने फोन खो चुके लोगों के चेहरे पर मोबाइल वापस मिलने की खुशी साफ दिखाई दी।
एसपी के निर्देश पर जिले के सभी थाना और ओपी प्रभारियों ने पिछले छह महीनों में दर्ज मोबाइल गुम होने के मामलों तथा CEIR पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की समीक्षा की। इसके बाद तकनीकी जांच और लगातार फील्ड अभियान चलाकर पुलिस ने जिले के साथ-साथ रांची हजारीबाग चतरा बोकारो पलामू गढ़वा समेत अन्य जिलों से भी मोबाइल बरामद किए।
बरामदगी के मामले में रामगढ़ थाना सबसे आगे रहा, जहां से 30 मोबाइल बरामद हुए। इसके अलावा गोला थाना से 20, पतरातु थाना से 14 मांडू थाना और कुज्जू ओपी से 10-10 रजरप्पा थाना और मुरकुंडा ओपी से 9-9 भदानीनगर ओपी से 7 वेस्ट बोकारो ओपी से 6 बरलंगा थाना से 5 बासल थाना से 3 तथा बरकाकाना ओपी से 2 मोबाइल बरामद कर उनके मालिकों को सौंपे गए।
कार्यक्रम के दौरान एसपी ने लोगों को सड़क सुरक्षा नशे के दुष्प्रभाव और साइबर अपराधों से बचाव के प्रति भी जागरूक किया। उन्होंने बताया कि मोबाइल गुम होने पर CEIR पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कर उसे ट्रैक और ब्लॉक कराया जा सकता है। साथ ही लोगों से इस जानकारी को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की।
मोबाइल वापस पाने वाले लोगों ने रामगढ़ पुलिस का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका फोन दोबारा मिल सकेगा। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी गुम हुई संपत्ति की बरामदगी और आम लोगों का विश्वास कायम रखने के लिए ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे।

