IMG 20260522 110756

ट्रैफिक नियम उल्लंघन पर ऑनलाइन कटे जुर्माना, कैश वसूली पर लगे रोक : बाबर खान

खबर को शेयर करें
IMG 20260522 110756

जमशेदपुर : ऑल इंडिया माइनॉरिटी सोशल वेलफेयर फ्रंट के केंद्रीय महासचिव ने शुक्रवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन से यातायात व्यवस्था में पारदर्शिता लाने की मांग की। उन्होंने उपायुक्त, एसएसपी और ट्रैफिक डीएसपी से कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों से केवल ऑनलाइन माध्यम से ही जुर्माना वसूला जाए और कैश भुगतान पर पूरी तरह रोक लगाई जाए।

बाबर खान ने कहा कि जब देश डिजिटल इंडिया की ओर बढ़ रहा है और छोटे-बड़े सभी भुगतान ऑनलाइन हो रहे हैं, तो ट्रैफिक पुलिस द्वारा नकद राशि लेने की आवश्यकता नहीं होनी चाहिए। उनका कहना है कि ऑनलाइन फाइन व्यवस्था लागू होने से पुलिस की मनमानी पर रोक लगेगी और सरकार को सीधे राजस्व प्राप्त होगा।

उन्होंने हर ट्रैफिक चेकिंग प्वाइंट पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और रिकॉर्डिंग सुनिश्चित करने की भी मांग की। बाबर खान ने आरोप लगाया कि वर्तमान में कुछ ट्रैफिक कर्मी “प्रॉफिट पुलिस” की तरह काम कर रहे हैं और विरोध करने पर लोगों के साथ दुर्व्यवहार किया जाता है। इससे आम लोगों का पुलिस पर विश्वास कमजोर हो रहा है और पुलिस की छवि धूमिल हो रही है।

प्रेस विज्ञप्ति में उन्होंने यह भी दावा किया कि शहर के कुछ चेकिंग प्वाइंट पर प्रतिदिन ड्यूटी के लिए कथित रूप से “रेट” तय हैं। उन्होंने काली मंदिर हाईवे मार्ग और डिमना चौक का विशेष रूप से उल्लेख करते हुए मामले को गंभीर बताया।

बाबर खान ने कहा कि उन्होंने इस पूरे मामले को लेकर झारखंड के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर अवगत कराया है और उचित कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि ऑनलाइन जुर्माना व्यवस्था लागू होने से भ्रष्टाचार पर रोक लगेगी और पूरा राजस्व सीधे सरकार के खाते में जाएगा।

उन्होंने शहर की बस्तियों और आवासीय इलाकों में हेलमेट चेकिंग अभियान पर भी सवाल उठाया। बाबर खान ने कहा कि ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित जीशू भवन क्षेत्र जैसे रिहायशी इलाकों में महिलाओं और बुजुर्गों को रोककर जुर्माना वसूले जाने से तनाव की स्थिति बन रही है। उन्होंने मांग की कि बस्ती क्षेत्रों में हेलमेट चेकिंग की जगह नियमित आर्म्स चेकिंग अभियान चलाया जाए।

बाबर खान ने बताया कि उन्होंने इस मुद्दे को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के माध्यम से प्रधानमंत्री कार्यालय, झारखंड सरकार और पूर्वी सिंहभूम प्रशासन के अधिकारियों को भी जानकारी दी है।