अब सिर्फ इंसान नहीं, जानवर भी खतरे में!! आदित्यपुर में युवक ने नशे की हालत में चापड़ से किया कुत्ते पर जानलेवा हमला…

जमशेदपुर से सटे आदित्यपुर से एक बेहद शर्मनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जिसने न सिर्फ इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है बल्कि क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात एक युवक ने नशे की हालत में एक बेजुबान कुत्ते पर चापड़ से हमला कर दिया। इस क्रूर हमले में कुत्ते के सिर पर गंभीर चोटें आईं और वह बुरी तरह घायल हो गया। घटना के बाद आसपास मौजूद कुछ जागरूक युवकों की नजर घायल कुत्ते पर पड़ी। उन्होंने बिना देर किए मानवता का परिचय देते हुए पहले कुत्ते को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और फिर आरोपी युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
घायल कुत्ते की हालत को गंभीर देखते हुए युवकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रांची ले जाने का निर्णय लिया जहां उसका इलाज कराया जा रहा है।
यह घटना कई बड़े सवाल खड़े करती है क्या अब हमारे शहरों में बेजुबान जानवर भी सुरक्षित नहीं हैं? आखिर कैसे एक व्यक्ति खुलेआम नशे की हालत में इस तरह की वारदात को अंजाम दे देता है? क्या क्षेत्र में कानून-व्यवस्था का डर खत्म होता जा रहा है?
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते उन युवकों ने हस्तक्षेप नहीं किया होता तो शायद उस बेजुबान की जान भी जा सकती थी। ऐसे में यह जरूरी हो जाता है कि प्रशासन न सिर्फ ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई करे बल्कि क्षेत्र में निगरानी और जागरूकता भी बढ़ाए।
यह घटना समाज के लिए एक चेतावनी है कि अगर हम आज बेजुबानों पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ आवाज नहीं उठाएंगे तो कल यह हिंसा किसी भी रूप में हमारे सामने आ सकती है। जरूरत है कि हम सभी संवेदनशील बनें गलत के खिलाफ खड़े हों और एक सुरक्षित समाज के निर्माण में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।


