1 अगस्त से झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र शुरू, 5 कार्यदिवस में उठेंगे बजट व जनहित के मुद्दे…

Jharkhand : झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र 1 अगस्त 2025 से शुरू होने जा रहा है जो 7 अगस्त 2025 तक चलेगा। सात दिनों की अवधि वाले इस सत्र में कुल 5 कार्य दिवस होंगे क्योंकि 2 अगस्त (शनिवार) और 3 अगस्त (रविवार) को अवकाश रहेगा।
राज्य मंत्रिपरिषद ने 11 जुलाई को सत्र की रूपरेखा को मंजूरी दी थी। इस सत्र में कई महत्वपूर्ण विधायी कार्यों, बजट प्रस्तावों और जनहित के मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
सत्र का दिनवार कार्यक्रम कुछ इस प्रकार रहेगा:
1 अगस्त (शुक्रवार)
राज्यपाल द्वारा सत्र के बाहर जारी अध्यादेशों की प्रमाणीकृत प्रतियां विधानसभा में रखी जाएंगी।
इसके बाद दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि दी जाएगी और कार्यवाही स्थगित कर दी जाएगी।
4 अगस्त (सोमवार)
प्रश्नकाल के साथ दिन की शुरुआत होगी।
वर्ष 2025-26 का प्रथम अनुपूरक बजट सदन में पेश किया जाएगा।
5 अगस्त (मंगलवार)
अनुपूरक बजट पर सामान्य चर्चा होगी।
इसके बाद विनियोग विधेयक सदन में पेश कर पारित किया जाएगा।
6 अगस्त (बुधवार)
प्रश्नकाल के बाद राजकीय विधेयकों और अन्य शासकीय कार्यों को पूरा किया जाएगा।
7 अगस्त (गुरुवार)
यह सत्र का अंतिम कार्य दिवस होगा।
प्रश्नकाल के बाद गैर-सरकारी संकल्पों पर चर्चा होगी और संबंधित मंत्री उत्तर देंगे।
पिछले वर्षों की तरह इस बार भी विपक्ष भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था और बांग्लादेशी घुसपैठ जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है।
संथाल क्षेत्र में जनसंख्या संतुलन में हो रहे बदलाव पर भी विपक्ष की आक्रामक भूमिका देखने को मिल सकती है।
सत्र के दौरान तीखी बहस और हंगामे की संभावना जताई जा रही है। वहीं सरकार विकास से जुड़े विधेयकों और बजट प्रावधानों के माध्यम से अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट करेगी।

