Mathura Road Accident: यमुना एक्सप्रेस-वे पर बस और ट्रेलर की टक्कर, 4 लोगों की मौत, 25 घायल

उत्तर प्रदेश के मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर सोमवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। लखनऊ से दिल्ली जा रही एक निजी बस आगे चल रहे गिट्टी से भरे ट्रेलर से टकरा गई। इस हादसे में चार यात्रियों की मौत हो गई, जबकि करीब 25 लोग घायल हो गए।
हादसे के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में आशंका है कि बस चालक को नींद आने के कारण यह दुर्घटना हुई होगी। हालांकि, हादसे की सही वजह जानने के लिए जांच जारी है।
दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को एक्सप्रेस-वे से हटाकर यातायात सामान्य कर दिया गया। वहीं, मृतकों की पहचान करने और पूरे मामले की जांच में पुलिस जुटी हुई है।

