सिर्फ 36 दिन की शादी, फिर बनी हत्यारिन पत्नी! झारखंड में सोनम-राजा रघुवंशी जैसा मामला…

Jharkhand: झारखंड के गढ़वा जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है जहां शादी के महज 36 दिन बाद एक नवविवाहिता ने अपने ही पति की जहर देकर हत्या कर दी। यह घटना गढ़वा जिले के रंका थाना क्षेत्र स्थित बाहोकुदर गांव की है।
पुलिस के अनुसार मृतक का नाम बुधनाथ सिंह (22 वर्ष) था जिसकी शादी इसी साल 11 मई को छत्तीसगढ़ के रामचंद्रपुर थाना क्षेत्र के विशुनपुर गांव की सुनीता सिंह से हुई थी। शादी के बाद सुनीता एक दिन ससुराल में रहकर अपने मायके लौट गई थी।
उसने साफ कहा था कि उसे पति पसंद नहीं है। फिर दोनों परिवारों के बीच पंचायत हुई और 5 जून को सुनीता दोबारा ससुराल आई।
14 जून को दोनों पति-पत्नी बाजार गए जहां सुनीता ने फसल में कीड़े मारने के नाम पर पति से कीटनाशक मंगवाया। अगले दिन यानी 15 जून की रात को सुनीता ने खाने में जहर मिलाकर पति को खिला दिया जिससे उसकी मौत हो गई।
इस मामले में मृतक की मां राजमती कुंवर ने पुलिस को आवेदन देकर अपनी बहू पर हत्या का आरोप लगाया।
शुरुआत में सुनीता ने अपनी सास पर आरोप लगाया कि सास ने जहर मिलाया था और गलती से वो खाना उसके बेटे यानी बुधनाथ को दे दिया गया। लेकिन पूछताछ में सुनीता टूट गई और अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस ने मंगलवार को सुनीता को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। रंका अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रोहित रंजन सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि जांच आगे भी जारी है।