259676

Jamshedpur:- मानगो नगर निगम ने स्वच्छता ही सेवा अभियान का किया समापन, स्वच्छ दुर्गा पूजा पंडाल प्रतियोगिता शुरू

खबर को शेयर करें
259676

जमशेदपुर: मानगो नगर निगम की ओर से गुरुवार को मानगो चौक स्थित होटल रिवर साइड इन में स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान का समापन समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान एक महीने तक चलाए गए स्वच्छता और जागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में कचरा पृथक्करण को लेकर जागरूकता त्रि-फोल्डर का विमोचन किया गया। साथ ही स्वच्छ एवं सुरक्षित दुर्गा पूजा पंडाल प्रतियोगिता की शुरुआत की गई। समारोह में महापौर सुधा गुप्ता, उपमहापौर राहुल कुमार कश्यप, उप नगर आयुक्त विजय वर्मा समेत नगर निगम के अधिकारी, वार्ड पार्षद, शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

259678

कार्यक्रम के दौरान परियोजना प्रबंधक श्रेयांश ने अभियान के तहत आयोजित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। इसमें स्वच्छता अभियान, विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम, सफाई मित्रों की सुरक्षा, छठ घाट की सफाई और वेस्ट-टू-आर्ट प्रतियोगिता जैसी पहल शामिल रहीं। अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता का उद्देश्य केवल सफाई अभियान चलाना नहीं, बल्कि लोगों को अपनी दैनिक आदतों में स्वच्छता अपनाने के लिए प्रेरित करना है।

259664

समारोह में चार श्रेणियों में कचरा अलग-अलग रखने की व्यवस्था के बारे में भी जानकारी दी गई। इसके तहत हरे डिब्बे में गीला कचरा, नीले डिब्बे में सूखा कचरा, लाल डिब्बे में सैनिटरी कचरा और काले डिब्बे में घरेलू खतरनाक कचरा रखने की अपील की गई। नगर निगम ने लोगों से घरों में ही कचरे को अलग-अलग रखने और उसके उचित निपटान में सहयोग करने का आग्रह किया।

259674

आगामी दुर्गा पूजा को देखते हुए शुरू की गई स्वच्छ एवं सुरक्षित दुर्गा पूजा पंडाल प्रतियोगिता के जरिए पूजा समितियों को साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन और पर्यावरण के अनुकूल आयोजन के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। नगर निगम ने पूजा समितियों से पंडाल और आसपास के क्षेत्रों को साफ रखने तथा श्रद्धालुओं के बीच स्वच्छता का संदेश फैलाने की अपील की।

259668

इस अवसर पर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में योगदान देने वाले छह स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडरों को सम्मानित किया गया। इनमें आलोक कुमार शर्मा, डॉ. आरती निजहावन, डॉ. प्रियंका झा, जामी उस्मानी, निखिल कुमार मुखी और प्रेम कुमार दीक्षित शामिल रहे। वहीं, विद्यार्थियों ने स्वच्छता और कचरा प्रबंधन पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को जागरूक किया।

259660

कार्यक्रम में वेस्ट-टू-आर्ट प्रतियोगिता के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। इस प्रतियोगिता में छह शैक्षणिक संस्थानों के 60 से अधिक विद्यार्थियों ने बेकार सामग्री से उपयोगी वस्तुएं और कलाकृतियां बनाकर अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। इसके अलावा स्वच्छता गतिविधियों में योगदान देने वाले शिक्षकों, विद्यार्थियों और अन्य प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र एवं स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

259662

कार्यक्रम के अंत में SBM सेल के नोडल पदाधिकारी निशांत कुमार ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। मानगो नगर निगम ने नागरिकों से स्वच्छता को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने और स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर मानगो के निर्माण में सहयोग करने की अपील की।