53676

हजारीबाग में टला बड़ा रेल हादसा, एक ही ट्रैक पर पहुंचीं दो वंदे भारत ट्रेनें

खबर को शेयर करें
53676

हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग जिले में बुधवार को रेलवे की आधुनिक सुरक्षा प्रणाली की सतर्कता से एक बड़ा रेल हादसा टल गया। चलकुशा प्रखंड के दशहरा ब्लॉक हॉल्ट के पास एक ही डाउन लाइन पर चल रही दो वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें काफी करीब पहुंच गई थीं। हालांकि, समय रहते स्वचालित सिग्नल प्रणाली सक्रिय हो गई और लोको पायलट की सूझबूझ से संभावित दुर्घटना टल गई।

जानकारी के अनुसार, गया-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस और पटना-रांची वंदे भारत एक्सप्रेस एक ही डाउन लाइन पर संचालित हो रही थीं। इसी दौरान किसी तकनीकी या परिचालन कारण से पीछे चल रही ट्रेन आगे वाली ट्रेन के काफी नजदीक पहुंच गई।

जैसे ही दोनों ट्रेनों के बीच सुरक्षित दूरी कम हुई, रेलवे की आधुनिक स्वचालित सिग्नल प्रणाली ने तुरंत चेतावनी संकेत जारी किया। अलर्ट मिलते ही लोको पायलट ने आपातकालीन ब्रेक लगाकर ट्रेन को सुरक्षित दूरी पर रोक दिया। इससे एक बड़ा हादसा होने से बच गया।

ट्रेन के अचानक रुकने से यात्रियों में कुछ देर के लिए हल्की अफरा-तफरी और चिंता का माहौल बन गया। हालांकि रेलवे अधिकारियों ने तुरंत स्थिति स्पष्ट करते हुए यात्रियों को आश्वस्त किया कि किसी प्रकार का खतरा नहीं है। घटना में किसी यात्री के घायल होने या किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है।

घटना के बाद रेलवे प्रशासन और कंट्रोल रूम में कुछ समय तक हलचल रही। सुरक्षा संबंधी जांच पूरी करने के बाद दोनों ट्रेनों का परिचालन सामान्य कर दिया गया। रेलवे अब इस बात की जांच कर रहा है कि दोनों वंदे भारत एक्सप्रेस एक ही ट्रैक पर इतनी कम दूरी तक कैसे पहुंच गईं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।