52330

सरायकेला पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल: 30 एसआई और एएसआई का तबादला, 28 जून तक नए पदस्थापन स्थल पर योगदान का निर्देश

खबर को शेयर करें
52330

सरायकेला: जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने पुलिस विभाग में व्यापक फेरबदल किया है। जारी जिलादेश संख्या 806/2026 के तहत 30 सब-इंस्पेक्टर (एसआई) एवं सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) स्तर के पुलिस पदाधिकारियों का तत्काल प्रभाव से तबादला कर उन्हें विभिन्न थाना, ओपी और शाखाओं में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी आदेश में सभी स्थानांतरित पदाधिकारियों को 28 जून 2026 तक अपने नए पदस्थापन स्थल पर अनिवार्य रूप से योगदान देने का निर्देश दिया गया है। साथ ही योगदान के बाद अनुपालन प्रतिवेदन पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जमा करना भी आवश्यक किया गया है। निर्धारित समयसीमा का पालन सुनिश्चित कराने के लिए संबंधित थाना एवं ओपी प्रभारियों को विशेष निर्देश जारी किए गए हैं।

तबादला सूची में विश्वजीत कृष्ण तिवारी, हीरालाल कुमार, विक्रमादित्य पाण्डेय, काशीकांत गोराई, भगवान प्रसाद गौड़, मनोज कुमार मिश्रा समेत कई अधिकारियों को आदित्यपुर, सरायकेला, गम्हरिया, चौका, चांडिल, खरसावां थाना, कपाली ओपी, आमदा ओपी और दलभंगा ओपी सहित विभिन्न स्थानों पर नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। इस फेरबदल के माध्यम से जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस बल का संतुलित पुनर्वितरण करने का प्रयास किया गया है।

आदेश के अनुसार विनोद दुडू को आदित्यपुर थाना से सरायकेला थाना, जबकि अरुण कुमार महतो को गम्हरिया थाना से सरायकेला थाना स्थानांतरित किया गया है। वहीं नन्दनी प्रधान को सरायकेला थाना से खरसावां थाना तथा रोपना राम काशी को गम्हरिया थाना से आमदा ओपी में पदस्थापित किया गया है। इसके अलावा कई अन्य पुलिस पदाधिकारियों को पुलिस केंद्र सरायकेला में भी प्रतिनियुक्त किया गया है।

पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा तक योगदान नहीं देने वाले पदाधिकारियों के विरुद्ध प्रतिवेदन भेजकर आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस महकमे में हुए इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल को जिले में अपराध नियंत्रण, प्रशासनिक कार्यों की दक्षता बढ़ाने और कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अधिकारियों की नई तैनाती के बाद विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस व्यवस्था के और अधिक मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है।