जमशेदपुर: बॉर्डर क्षेत्र में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कपाली फायरिंग कांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार

जमशेदपुर से सटे सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटना में पुलिस को अहम सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपी अशफाक अहमद उर्फ बल्लू (42) को पश्चिम बंगाल के पुरुलिया रोड स्थित बड़ा बाजार इलाके से गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, 2 जून को इस्लामनगर में जमीन से जुड़े एक विवाद के दौरान अफसर नवाज पर जानलेवा फायरिंग की गई थी। घटना के बाद पीड़ित के बयान पर कपाली ओपी में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष टीम बनाई गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और अन्य सुरागों के आधार पर छानबीन करते हुए आरोपी तक पहुंच बनाई और 4 जून को उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का पहले से भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2022 में कपाली ओपी में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट से संबंधित मामला दर्ज हो चुका है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया पूरी कर जेल भेज दिया गया है।


