JAMSHEDPUR : टाटा स्टील कलर्स में ड्यूटी के दौरान बड़ा हादसा मशीन की चपेट में आने से कर्मचारी का हाथ कटा

JAMSHEDPUR : टाटा स्टील कलर्स में ड्यूटी के दौरान हुए एक औद्योगिक हादसे में 29 वर्षीय कर्मचारी सन्त्री चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गए। रविवार रात करीब 9 बजे मैकेनिकल विभाग में काम करते समय वह मशीन की चपेट में आ गए जिससे उनका दाहिना हाथ कट गया।
हादसे के तुरंत बाद मौजूद सहकर्मियों ने उन्हें टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उनका ऑपरेशन किया जिसके बाद उन्हें क्रिटिकल केयर यूनिट (CCU) में भर्ती किया गया है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार बारीडीह निवासी सन्त्री चौधरी पिछले आठ वर्षों से शाम्भवी इंटरप्राइजेज के माध्यम से टाटा स्टील कलर्स में कार्यरत हैं। घटना की सूचना मिलते ही कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी और ठेका एजेंसी के प्रतिनिधि अस्पताल पहुंचे। हालांकि, इस हादसे को लेकर कंपनी की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
वहीं घायल कर्मचारी के परिजनों ने कंपनी से केवल मौखिक आश्वासन के बजाय लिखित आश्वासन देने की मांग की है। सन्त्री के मामा दीपक कुमार ने कहा कि परिवार को स्थायी नौकरी इलाज का पूरा खर्च और उचित मुआवजा लिखित रूप में सुनिश्चित किया जाए। फिलहाल कंपनी की ओर से इस संबंध में कोई लिखित घोषणा नहीं की गई है जिससे परिजनों में नाराजगी बनी हुई है।

