टाटानगर-कटिहार एक्सप्रेस में शराब तस्करी का खुलासा, 6 बोतल शराब के साथ कोच अटेंडेंट गिरफ्तार

जमशेदपुर : टाटानगर से कटिहार जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने कार्रवाई करते हुए 6 बोतल शराब के साथ एक कोच अटेंडेंट को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अटेंडेंट जमशेदपुर के कीताडीह क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार आरपीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि ट्रेन के एक कोच में शराब की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर आरपीएफ की टीम ने छापेमारी की और ट्रेन के एम-1 कोच से 6 बोतल शराब बरामद की। जांच के दौरान कोच अटेंडेंट को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि बिहार में लागू शराबबंदी का फायदा उठाकर आरोपी कथित रूप से बिहार जाने वाली ट्रेनों में शराब की सप्लाई करता था। वह जमशेदपुर से शराब खरीदकर टाटानगर स्टेशन से ड्यूटी पर सवार होता था और यात्रा के दौरान यात्रियों को ऊंची कीमत पर शराब बेचता था।
आरपीएफ ने बरामद शराब को जब्त कर लिया है और आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है। वहीं आरपीएफ मामले की आगे जांच कर रही है कि इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

