चतरा में वज्रपात का कहर: घर के बाहर काम कर रही महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम

चतरा: जिले के मयूरहंड थाना क्षेत्र अंतर्गत महुगाई गांव में गुरुवार को वज्रपात की चपेट में आने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान महुगाई गांव निवासी 44 वर्षीय सरोज देवी, पति सत्यदेव सिंह के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार सरोज देवी अपने घर के बाहर दैनिक कार्यों में व्यस्त थीं। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज गर्जना के साथ बारिश शुरू हो गई। तभी हुए वज्रपात की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के बाद परिजन और आसपास के ग्रामीण तत्काल उनकी सहायता के लिए पहुंचे। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की तैयारी की जा रही थी, लेकिन उनकी हालत अत्यंत गंभीर होने के कारण उन्होंने घर पर ही दम तोड़ दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
ग्रामीणों ने बताया कि इलाके में तेज बारिश के साथ लगातार गर्जना हो रही थी। वज्रपात की तेज आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर निकले, जिसके बाद घटना की जानकारी मिली।
घटना की सूचना मिलते ही मयूरहंड थाना प्रभारी राहुल दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
इधर, स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आपदा राहत योजना के तहत उचित मुआवजा देने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि प्राकृतिक आपदा के कारण परिवार ने अपना एक महत्वपूर्ण सदस्य खो दिया है, इसलिए सरकार को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध करानी चाहिए।
फिलहाल प्रशासन एवं पुलिस घटना से संबंधित आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।

