चाकुलिया में पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, तीन दिन में 12,103 बच्चों को पिलाई जाएगी दवा

Chakulia : पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में रविवार को पल्स पोलियो अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रंजीत कुमार मुर्मू ने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान की शुरुआत की।
इस अवसर पर डॉ. मुर्मू ने बताया कि पल्स पोलियो अभियान तीन दिनों तक चलेगा। पहले दिन सभी चिन्हित बूथों पर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी जबकि अगले दो दिनों तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को दवा पिलाएंगी ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।
उन्होंने बताया कि चाकुलिया प्रखंड में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के कुल 12,103 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए 175 बूथ बनाए गए हैं, जहां 350 स्वास्थ्यकर्मी एवं स्वयंसेवी दलों के सदस्य अपनी सेवाएं देंगे। अभियान की निगरानी के लिए 28 सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं जबकि दवा वितरण के लिए 11 सब-डिपो चिन्हित किए गए हैं।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने सभी छोटे बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं और पोलियो मुक्त समाज के निर्माण में स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करें।
इस मौके पर सतीश कुमार वर्मा बीपीएम प्रेमशिला मुर्मू कल्पना मुर्मू सुनीता बड़ाइक मानस पात्र चंदन दास दिनेश सिंह समेत स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।


