Latehar News: चंदवा में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रक की टक्कर से दो युवकों की मौत

लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार ट्रक अचानक दूसरी लेन में पहुंच गया और सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक ट्रक के नीचे दब गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। हाइड्रा मशीन की मदद से दोनों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने एक मृतक की पहचान कर ली है, जबकि दूसरे की पहचान करने का प्रयास जारी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

