लातेहार न्यूज़: 65 वर्षीय बुजुर्ग की टांगी से हत्या, महिला गिरफ्तार, कई लोगों पर साजिश का आरोप

लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र के गुरतुर गांव में शुक्रवार सुबह 65 वर्षीय केशव राम की टांगी से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी महिला सुनीता कुमारी को हत्या में इस्तेमाल टांगी के साथ गिरफ्तार कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।
मृतक के बेटे ने आरोप लगाया कि घटना के समय कई ग्रामीण वहां मौजूद थे, लेकिन किसी ने उनके पिता की मदद नहीं की। उनका कहना है कि घायल होने के बाद भी उनके पिता काफी दूर तक जान बचाने के लिए भागे, लेकिन आखिरकार घर पहुंचने के बाद उनकी मौत हो गई।
परिजनों ने हत्या के पीछे साजिश की आशंका जताते हुए कई लोगों के नाम लिए हैं। उनका आरोप है कि पहले से चली आ रही रंजिश और पैसों के विवाद के कारण इस वारदात को अंजाम दिया गया। उन्होंने सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। आरोपी महिला के पुराने विवाद के दावों सहित सभी तथ्यों को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

