JHARKHAND: रांची में देर रात पुलिस का बड़ा एंटी क्राइम अभियान शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक सघन चेकिंग

RANCHI : राजधानी रांची में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से बुधवार देर रात पुलिस ने व्यापक एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) राकेश रंजन के निर्देश पर जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में एक साथ विशेष अभियान चलाया गया जिसमें पुलिस देर रात तक सड़कों पर मुस्तैद रही।
अभियान के तहत शहर के सभी प्रमुख एंट्री पॉइंट्स चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग कर सघन वाहन जांच की गई। पुलिस ने दोपहिया और चारपहिया वाहनों की डिक्की दस्तावेजों और संदिग्ध गतिविधियों की जांच की। देर रात बिना कारण घूम रहे लोगों से पूछताछ कर उनके पहचान पत्र भी जांचे गए।
एसएसपी राकेश रंजन ने स्पष्ट किया कि रात के समय सार्वजनिक स्थानों पर बेवजह अड्डेबाजी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसे स्थानों पर अक्सर नशाखोरी अवैध गतिविधियों और आपराधिक घटनाओं की साजिशें पनपती हैं। इसलिए पुलिस ऐसे ठिकानों की पहचान कर उन पर लगातार कार्रवाई करेगी।
उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि यदि उनके आसपास कहीं संदिग्ध गतिविधियां या अड्डेबाजी होती दिखे तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
रांची पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा। एसएसपी ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को नियमित रूप से रात्रि गश्त और विशेष चेकिंग अभियान चलाने का निर्देश दिया है। पुलिस का कहना है कि ऐसे अभियानों से अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने और आम लोगों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

