देवघर में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की सुरक्षा में चूक, 4 पुलिसकर्मी निलंबित…

Jharkhand: देवघर स्थित एम्स परिसर में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी लापरवाही सामने आई। गुरुवार को राष्ट्रपति के काफिले की कुछ गाड़ियां तय रूट से भटक कर दूसरे रास्ते पर चली गईं। इस घटना से सुरक्षा एजेंसियों में अफरातफरी मच गई।
घटना के बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए जांच बैठाई गई। देर रात विशेष जांच दल (SIT) ने रिपोर्ट सौंप दी। जांच में लापरवाही पाए जाने पर चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
निलंबित पुलिसकर्मियों में एक सब-इंस्पेक्टर (एसआई), एक असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (एएसआई), एक सामान्य पुलिसकर्मी और झारखंड आर्म्ड पुलिस (जेएपी) का एक जवान शामिल हैं।
संथाल परगना के जोनल आईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने बताया कि राष्ट्रपति की सुरक्षा को कोई गंभीर खतरा नहीं था। स्थिति को तुरंत नियंत्रित कर लिया गया था। दोषियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है।
इस घटना पर देवघर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने फिलहाल चुप्पी साध रखी है और जांच जारी है।

