कर्नाटक में भीषण सड़क हादसा, कार और लॉरी की टक्कर में 7 लोगों की मौत, 2 की हालत गंभीर

कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में सात लोगों की जान चली गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर अराबैल घाट के पास हुआ, जहां एक कार और सामने से आ रही लॉरी की जोरदार टक्कर हो गई।
पुलिस के अनुसार हादसा रात करीब 1:30 बजे हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सभी लोग धारवाड़ से चिकमंगलूर की ओर जा रहे थे।
घायलों को पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर उन्हें हुबली के KIMS अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल दुर्घटना के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है। अधिकारियों का कहना है कि वाहन की तकनीकी जांच और अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

