JHARKHAND: 4 जुलाई को होगी कन्हाईश्वर पहाड़ पूजा, 12 मौजा के ग्राम प्रधानों की बैठक में तैयार की गई रूपरेखा

Chakuliya : चाकुलिया प्रखंड की चालुनिया पंचायत अंतर्गत जयनगर गांव स्थित प्रसिद्ध कन्हाईश्वर पहाड़ पूजा आगामी 4 जुलाई को आयोजित होगी। पूजा की तैयारियों को लेकर रविवार को जयनगर गांव में ग्राम प्रधान सोमाई मांडी की अध्यक्षता में 12 मौजा के ग्राम प्रधानों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूजा के सफल आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई और आवश्यक रणनीति तैयार की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए ग्राम प्रधान सोमाई मांडी ने कहा कि कन्हाईश्वर पहाड़ पूजा क्षेत्र की एक प्राचीन और आस्था से जुड़ी परंपरा है जिसे वर्षों से अच्छी वर्षा बेहतर फसल और गांव की सुख-समृद्धि की कामना के साथ आयोजित किया जाता रहा है। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों की मान्यता है कि इस पूजा के आयोजन से क्षेत्र में अच्छी बारिश होती ह कृषि कार्य बेहतर होता है तथा गांवों में सुख-शांति और समृद्धि बनी रहती है।
उन्होंने कहा कि पूजा में झारखंड ओडिशा और पश्चिम बंगाल के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु विभिन्न वाहनों से पहुंचते हैं और श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना करते हैं। इस अवसर पर पूजा के सुचारू संचालन और व्यवस्थाओं को लेकर एक पूजा संचालन समिति का भी गठन किया गया।बैठक में दुआरीशोल गांव के प्रधान ठाकुरदास बास्के प्रफुल्ल ग्वाला सालगड़िया के चंपाई मांडी शिशाखुन के तरुण ग्वाला जोड़ाम के डॉ. टिकी महतो विश्वजीत महतो कियाशोल के झंगल हेम्ब्रम बिरदह के कैलाश बेरा फकीर बेरा भंडारू के भानू नायक बिहारीपुर के आशिष मुंडा करण हांसदा बैकुंठपुर के छाकु मुर्मू दुबराजपुर के बैद्यनाथ हांसदा तथा पोचापानी के दशरथ मांडी समेत कई ग्राम प्रधान एवं ग्रामीण उपस्थित थे।

