24 JUNE 1974 : जब लॉर्ड्स में 42 रन पर सिमट गई थी टीम इंडिया, बना था शर्मनाक रिकॉर्ड

NEW DELHI : भारतीय क्रिकेट टीम आज दुनिया की मजबूत टीमों में गिनी जाती है लेकिन इतिहास के पन्नों में 24 जून 1974 की एक ऐसी घटना दर्ज है जिसे भारतीय क्रिकेट कभी भूल नहीं सकता। आज ही के दिन इंग्लैंड के प्रतिष्ठित लॉर्ड्स मैदान पर टीम इंडिया दूसरी पारी में महज 42 रन पर ढेर हो गई थी। उस समय यह टेस्ट क्रिकेट में भारत का सबसे कम स्कोर था।
अजीत वाडेकर की कप्तानी में भारतीय टीम इंग्लैंड दौरे पर थी। पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और 182.5 ओवर में 629 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। इंग्लैंड की ओर से डेनिस एमिस टोनी ग्रेग और कप्तान माइक डेनिस ने शानदार शतक लगाए। भारत के लिए बिशन सिंह बेदी ने छह विकेट हासिल किए।
जवाब में भारत की शुरुआत अच्छी रही। सुनील गावस्कर और फारुख इंजीनियर ने पहले विकेट के लिए 131 रन जोड़े लेकिन इसके बाद भारतीय बल्लेबाजी बिखर गई और पूरी टीम 302 रन पर सिमट गई। इसके चलते भारत को फॉलोऑन खेलने के लिए मजबूर होना पड़ा।
फॉलोऑन की दूसरी पारी में भारतीय बल्लेबाज इंग्लैंड के गेंदबाजों के सामने पूरी तरह बेबस नजर आए। टीम ने चौथे दिन 2 रन से आगे खेलना शुरू किया, लेकिन कुछ ही देर में विकेटों की झड़ी लग गई। महज 25 रन के स्कोर तक आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी और 17 ओवर के भीतर भारत के नौ विकेट 42 रन पर गिर गए।
इंग्लैंड के गेंदबाज ज्यॉफ अर्नोल्ड ने 19 रन देकर चार विकेट लिए जबकि क्रिस ओल्ड ने 21 रन पर पांच विकेट झटके। भारतीय टीम की ओर से एकनाथ सोलकर 18 रन बनाकर नाबाद रहे। उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका। बी.एस. चंद्रशेखर बल्लेबाजी के लिए नहीं उतरे और पूरी टीम 42 रन पर ऑलआउट हो गई।
इस तरह भारत को पारी और 285 रन से करारी हार का सामना करना पड़ा। साथ ही टीम इंडिया के नाम टेस्ट क्रिकेट में अपने सबसे कम स्कोर का शर्मनाक रिकॉर्ड भी दर्ज हो गया। हालांकि बाद में यह रिकॉर्ड 2020 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एडिलेड टेस्ट में बने 36 रन के स्कोर से टूट गया।
24 जून 1974 का यह दिन भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे कठिन और यादगार दिनों में से एक माना जाता है।


