गिरिडीह में झामुमो का महाधरना: सरना धर्म कोड की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन…

Jharkhand: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की जिला इकाई ने मंगलवार को गिरिडीह के टावर चौक पर महाधरना का आयोजन किया। यह धरना सरना धर्म कोड की मांग को लेकर किया गया जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। सुबह से ही जिले के अलग-अलग हिस्सों से लोग पहुंचते रहे और दोपहर तक टावर चौक पर भारी भीड़ जमा हो गई।
कार्यक्रम में नगर विकास मंत्री और गिरिडीह विधायक सुदीब्य कुमार सोनू ने कहा कि सरना धर्म कोड आदिवासियों की पहचान और सम्मान से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि जैसे शिबू सोरेन ने झारखंड राज्य बनवाया था वैसे ही सरना धर्म कोड की लड़ाई भी एक नया इतिहास बनाएगी।मंत्री ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली के नेता बिरसा मुंडा को तो याद करते हैं लेकिन उनके वंशजों की मांगों पर चुप रहते हैं। उन्होंने कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो गिरिडीह में चक्का जाम होगा और यह आंदोलन और तेज होगा।
कार्यक्रम को पूर्व विधायक केदार हाजरा, प्रणव वर्मा, शाहनवाज अंसारी समेत कई नेताओं ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महा लाल सोरेन ने की। धरने में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे जिससे माहौल जोशीला बना रहा।