Jharkhand Weather Update: अभी नहीं थमेगा झारखंड में बारिश का सिलसिला, 3 जुलाई तक भारी बारिश का रेड अलर्ट…

Jharkhand: झारखंड में मानसून ने जबरदस्त कहर बरसाया है। जमशेदपुर में पिछले 24 घंटों में 150 मिमी बारिश दर्ज की गई है जिससे शहर में जलजमाव और यातायात की भारी समस्या पैदा हो गई है। वहीं रांची में अब तक रिकॉर्ड 600 मिमी बारिश हो चुकी है जो इस सीजन की सबसे ज्यादा बारिश मानी जा रही है।
जमशेदपुर के डिमना लेक में पानी का स्तर इतना बढ़ गया है कि पुल और लेक एक ही स्तर पर दिखाई दे रहे हैं। सड़कों पर इतना पानी जमा हो गया है कि बड़ी गाड़ियों को भी निकलने में दिक्कत हो रही है। वहीं रांची के कांके डैम के फाटक इस बार तीसरी बार खोले गए हैं जबकि अभी मानसून की शुरुआत ही है। ऐसा इससे पहले सिर्फ 13 साल पहले हुआ था वो भी तब केवल दो बार ही फाटक खोले गए थे।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 3 जुलाई तक झारखंड के कई जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। इसमें जमशेदपुर, रांची, खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और गुमला जैसे जिले शामिल हैं। इन इलाकों में रोजाना 120 से 130 मिमी तक बारिश हो सकती है इसलिए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव अब कमजोर पड़ गया है लेकिन मानसून ट्रफ फिलहाल झारखंड के बीचों-बीच गुजर रही है। खासकर जमशेदपुर के पास से यह ट्रफ गुजर रही है जिसकी वजह से जमशेदपुर और आस-पास के जिलों में लगातार तेज बारिश हो रही है।
राजधानी रांची में अब तक 600 मिमी बारिश हो चुकी है जो कि अब तक का सबसे ज्यादा आंकड़ा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि यह आंकड़ा आने वाले दिनों में 800 मिमी के पार भी जा सकता है। यह सामान्य से 65% अधिक बारिश मानी जा रही है।
रांची मौसम केंद्र ने बताया है कि 3 जुलाई तक मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं आने वाला है। खासकर जिन जिलों में रेड अलर्ट जारी है वहां भारी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।
रेड अलर्ट वाले जिलों में जरूरी यात्रा से बचें। जलजमाव वाले इलाकों से दूरी बनाएं और मौसम से जुड़ी अपडेट पर नजर बनाए रखें।