झारखंड मौसम अलर्ट : 20 जुलाई तक भारी बारिश की संभावना, येलो अलर्ट जारी…

Jharkhand: झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है और राज्य के कई हिस्सों में 20 जुलाई तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने इसको लेकर येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में राज्य के कई जिलों में गरज के साथ बारिश और वज्रपात हो सकता है। विभाग ने चेतावनी दी है कि नागरिक खुले स्थानों पर जाने से बचें और सुरक्षित स्थानों में रहें।
मौसम विभाग ने बताया कि वर्तमान में मानसून ट्रफ झारखंड से होकर गुजर रहा है और बंगाल की खाड़ी में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन का प्रभाव झारखंड पर पड़ रहा है। यही कारण है कि राज्य में लगातार बारिश हो रही है।
मौसम विभाग ने ये भी बताया कि दक्षिण-पश्चिम बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश में निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है जो अगले 24 घंटे में और प्रभावी हो सकता है। इसका असर झारखंड में अगले 4 दिनों तक दिखेगा।
पिछले 24 घंटे में झारखंड के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। चैनपुर (पलामू) में सबसे अधिक 204 मिमी बारिश हुई। अन्य प्रमुख जगहों पर दर्ज वर्षा इस प्रकार रही
देवघर : 67 मिमी
जमशेदपुर : 64.6 मिमी
चाईबासा : 9 मिमी
रांची : 3 मिमी
वहीं सरायकेला में अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री और लातेहार में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा लेकिन अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक वृद्धि हो सकती है। इससे वातावरण में उमस बनी रह सकती है।
निवासियों से अपील है कि मौसम की जानकारी पर नजर रखें और जरूरी सावधानी बरतें।

