JHARKHAND: जमशेदपुर में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान 2026 की शुरुआत जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने किया मतदान केंद्रों का निरीक्षण

JAMSHEDPUR: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर पूर्वी सिंहभूम जिले में सोमवार से मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) 2026 अभियान का शुभारंभ हो गया। अभियान के पहले दिन उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी राजीव रंजन ने शहर के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर चल रहे एनुमरेशन कार्य और प्रारंभिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से अभियान की प्रगति की जानकारी ली और उन्हें निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता निष्पक्षता और समयबद्धता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
राजीव रंजन ने बताया कि यह विशेष अभियान 30 जून से 29 जुलाई तक संचालित किया जाएगा। इसका उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित अद्यतन और अधिक समावेशी बनाना है ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सही रूप से दर्ज हो सके।
उन्होंने सभी बीएलओ को निर्देश दिया कि वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करें और सत्यापन कार्य के दौरान पूरी सावधानी तथा पारदर्शिता बनाए रखें। साथ ही अभियान के दौरान प्राप्त सभी प्रपत्रों और अभिलेखों का नियमानुसार संधारण किया जाए तथा मतदाताओं को आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि यदि अभियान के दौरान किसी प्रकार की समस्या या संशय की स्थिति उत्पन्न होती है तो संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ) और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (एईआरओ) से समन्वय स्थापित कर उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। सभी संबंधित अधिकारी और कर्मी आपसी समन्वय जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें ताकि अभियान सफल हो और मतदाता सूची पूरी तरह सटीक एवं अद्यतन बन सके।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने जिले के नागरिकों से भी अपील की कि वे अभियान के दौरान निर्वाचन कर्मियों को पूरा सहयोग दें और मांगी गई जानकारी उपलब्ध कराएं ताकि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सही रूप में मतदाता सूची में शामिल किया जा सके।

