अंडर-18 एशिया कप में चमके झारखंड के खिलाड़ी, रांची लौटने पर हुआ भव्य स्वागत…

जापान के काकामीगाहारा में आयोजित अंडर-18 एशिया कप 2026 में शानदार प्रदर्शन कर देश और झारखंड का नाम रोशन करने वाले राज्य के आठ हॉकी खिलाड़ियों का मंगलवार को रांची पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर खिलाड़ियों के स्वागत के लिए परिजन, खेल प्रेमी, कोच और हॉकी झारखंड के पदाधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। खिलाड़ियों के पहुंचते ही एयरपोर्ट का माहौल उत्साह और गर्व से भर गया।
दिल्ली में आयोजित हॉकी इंडिया के सम्मान समारोह में शामिल होने के बाद सभी खिलाड़ी रांची पहुंचे। एयरपोर्ट पर फूल-मालाओं, ढोल-नगाड़ों और तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उनका अभिनंदन किया गया। इस दौरान खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों के सम्मान में नारे लगाए और उनकी उपलब्धियों पर खुशी जताई। खिलाड़ियों ने भी मिले सम्मान के लिए झारखंडवासियों का आभार व्यक्त किया।
जापान में 29 मई से 6 जून 2026 तक आयोजित अंडर-18 एशिया कप में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता जबकि भारतीय महिला टीम ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
पुरुष टीम में झारखंड के आशीष तनी पूर्ति और प्रेमचंद शामिल थे। दोनों खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन कर टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया। वहीं महिला टीम में झारखंड की संदीपा कुमारी, पुष्पा मांझी, सुगन सांगा, खिली कुमारी, नीलम टोपनो और श्रुति कुमारी शामिल थीं। इन खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए भारतीय महिला टीम को कांस्य पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
हॉकी झारखंड के महासचिव विजय शंकर सिंह ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि यह पूरे झारखंड के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि झारखंड हमेशा से हॉकी प्रतिभाओं की भूमि रहा है और यहां के खिलाड़ियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन खिलाड़ियों की सफलता राज्य के युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी।
इस अवसर पर हॉकी झारखंड के महासचिव विजय शंकर सिंह, अशोक भगत, आश्रिता लकड़ा, दशरथ महतो, हॉकी कोच करुणा पूर्ति, दूलारी टोपनो, मनीष समेत बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


