1000262788

JHARKHAND NEWS : गोड्डा मुखिया फायरिंग कांड का खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार; गवाही से नाराज होकर रची थी हमले की साजिश

खबर को शेयर करें
1000262788

GODDA : गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट पंचायत के मुखिया अनुपम कुमार पर 18 जून को हुई जानलेवा फायरिंग मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ के दौरान अपना अपराध स्वीकार करते हुए हमले के पीछे की वजह का भी खुलासा किया है।

इस संबंध में मुखिया अनुपम कुमार के लिखित आवेदन पर पोड़ैयाहाट थाना में मामला दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार के निर्देश पर DSP (मुख्यालय) जेपीएन चौधरी के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर मामले में शामिल अंकित यादव नयन यादव और अमरकांत गिरी उर्फ कारु को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि शैलेन्द्र भगत हत्याकांड में अनुपम कुमार द्वारा गवाही दिए जाने से वे नाराज थे। इसी रंजिश के चलते उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर मुखिया पर हमला करने की साजिश रची और फायरिंग की घटना को अंजाम दिया।

गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल एक अवैध पिस्टल एक देशी कट्टा पांच जिंदा कारतूस एक बोलेरो वाहन और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद सभी सामानों को जब्त कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अंकित यादव और नयन यादव के खिलाफ हत्या के प्रयास रंगदारी व आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इस कार्रवाई में पोड़ैयाहाट थाना गोड्डा पुलिस और तकनीकी शाखा की टीम की अहम भूमिका रही।