IMG 1471

झारखंड में डेंगू को लेकर अलर्ट, मरीज मिलने पर 1 किलोमीटर क्षेत्र में होगा विशेष सर्वे

खबर को शेयर करें
IMG 1471

मानसून के दौरान झारखंड में डेंगू और चिकनगुनिया के बढ़ते खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने पूरे राज्य में विशेष अभियान शुरू करने का फैसला किया है। सभी जिलों को सतर्क रहने और समय पर रोकथाम के उपाय करने के निर्देश दिए गए हैं।

विभाग के मुताबिक डेंगू फैलाने वाला एडीज मच्छर साफ और रुके हुए पानी में पनपता है। इसी कारण घरों और आसपास जमा पानी की जांच के लिए टीमें नियमित रूप से सर्वे करेंगी। जहां भी मच्छरों के लार्वा मिलेंगे, उन्हें तुरंत नष्ट किया जाएगा।

शहरी इलाकों में यह अभियान 30 नवंबर तक चलेगा। इसमें कम्युनिटी वॉलंटियर और शहरी सहिया की टीम घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेगी और पानी जमा होने वाले स्थानों की जांच करेगी। यदि किसी क्षेत्र में डेंगू का मरीज मिलता है तो उसके आसपास एक किलोमीटर के दायरे में विशेष सर्वे कराया जाएगा। जरूरत पड़ने पर फॉगिंग और दवा का छिड़काव भी किया जाएगा।

स्वास्थ्य विभाग ने राज्य के 14 सरकारी अस्पतालों में डेंगू और चिकनगुनिया की मुफ्त जांच की व्यवस्था की है। साथ ही सभी सदर अस्पतालों में डेंगू वार्ड तैयार रखने और मरीजों के लिए मच्छरदानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। लोगों से अपील की गई है कि घर और आसपास पानी जमा न होने दें और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें।