झारखंड: नक्सल अलर्ट के बीच चक्रधरपुर रेलखंड पर ड्रोन से निगरानी, रेलवे ने बढ़ाई सुरक्षा

झारखंड के नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षा को लेकर रेलवे पूरी तरह सतर्क है। दमन विरोधी सप्ताह को देखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे ने चक्रधरपुर रेल मंडल के संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन से निगरानी शुरू कर दी है।
रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ऑपरेशन ट्रैक हॉक के तहत ड्रोन की मदद से रेलवे ट्रैक, पुल और स्टेशनों पर लगातार नजर रख रहा है। इसके साथ ही सुरक्षा बलों की गश्त भी बढ़ा दी गई है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि का समय रहते पता लगाया जा सके।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और रेलवे की महत्वपूर्ण संपत्तियों की रक्षा करना है। आधुनिक तकनीक की मदद से सुरक्षा व्यवस्था को पहले से ज्यादा मजबूत बनाया गया है, ताकि रेल सेवाएं बिना किसी बाधा के चलती रहें।

