Jharkhand Mainiya Samman Scheme Update : फिर इस महीने भी रोकी गई 57 हजार महिलाओं की किस्त…

Jharkhand : झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत इस महीने भी पूर्वी सिंहभूम जिले की 57 हजार महिलाओं को किस्त नहीं मिल पाई है। वजह साफ़ है इन महिलाओं के दस्तावेजों की जांच अभी भी जारी है। इनमें कई मामलों में एक ही बैंक खाते से दो या तीन महिलाओं को किस्त भेजी जा रही थी जो नियमों का उल्लंघन है।
प्रशासन के मुताबिक इन लाभुकों के दस्तावेजों की प्रमाणिकता की जांच की जा रही है और जब तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती तब तक राशि रोकी गई है।
इन 57 हजार महिलाओं को इस साल जनवरी से अब तक एक भी किस्त नहीं मिली है यानी वे चार महीने की रकम से वंचित हैं।योजना में गड़बड़ी की शुरुआत पोटका क्षेत्र से आई शिकायतों से हुई थी जहाँ देखा गया कि मुस्लिम आबादी कम होने के बावजूद लाभुकों की संख्या ज़्यादा है। साथ ही कुछ मामलों में बंगाल के लोगों के नाम भी सूची में पाए गए।
इसके बाद प्रशासन ने जिलेभर में जांच शुरू की। इस दौरान कई मामलों में पाया गया कि एक ही बैंक खाते में कई महिलाओं की किस्त भेजी जा रही थी जिससे लाभ की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो गए।इस बीच जांच में सही पाई गई 20 हजार महिलाओं को एक साथ चार महीने की यानी 10 हजार रुपये की राशि भेजी जा रही है।
इनके दस्तावेज सही पाए गए हैं और अब उन्हें योजना की राशि मिलने लगी है।जिन महिलाओं की किस्त अभी रुकी है उनमें से कई ने केवाईसी अपडेट नहीं कराया है या अलग बैंक खाता नंबर विभाग को नहीं दिया है। यही वजह है कि उनकी किस्तों पर रोक जारी है। जांच पूरी होने में दो महीने और लग सकते हैं।
मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना जिसे महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त करने के उद्देश्य से 2024 में शुरू किया गया था अब दस्तावेजी गड़बड़ियों और तकनीकी खामियों की वजह से विवादों में आ गई है। योजना के तहत शुरुआत में 1000 रुपये प्रतिमाह मिलते थे, जिसे अब बढ़ाकर 2500 रुपये प्रति माह किया गया है।