झारखंड सरकार को ऑनलाइन टैक्स रिटर्न और GST फाइलिंग के लिए चाहिए टैक्स कंसलटेंट, 2 जुलाई तक करें आवेदन

रांची: झारखंड सरकार के कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग ने विभागीय कर संबंधी कार्यों को सुचारु और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए अनुभवी टैक्स कंसलटेंट या एजेंसी के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। चयनित एजेंसी विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के ऑनलाइन त्रैमासिक टैक्स रिटर्न दाखिल करने तथा जीएसटी कटौती से संबंधित मासिक रिटर्न फाइल करने का कार्य करेगी।
विभाग द्वारा जारी सूचना के अनुसार इच्छुक और योग्य आवेदक 2 जुलाई 2026 तक सीलबंद लिफाफे में अपना आवेदन जमा कर सकते हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि खुली निविदाएं स्वीकार नहीं की जाएंगी। प्राप्त आवेदनों को 6 जुलाई 2026 को दोपहर 4 बजे आवेदकों या उनके अधिकृत प्रतिनिधियों की उपस्थिति में खोला जाएगा।
निविदा प्रक्रिया में शामिल होने के लिए आवेदकों को फर्म या व्यक्तिगत पंजीकरण प्रमाण पत्र, पैन कार्ड, जीएसटी पंजीकरण प्रमाण पत्र (GSTIN), चालू वित्तीय वर्ष के सेवा शुल्क का विवरण, पिछले पांच वर्षों के कार्य अनुभव संबंधी शपथ पत्र, आधार कार्ड तथा दो पासपोर्ट आकार के फोटो जमा करने होंगे।
विभाग का उद्देश्य अनुभवी और योग्य एजेंसी के माध्यम से टैक्स एवं जीएसटी से जुड़े कार्यों का प्रभावी, पारदर्शी और समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करना है।

