झारखंड सरकार: विकास योजनाओं की समीक्षा के लिए आज से बैठकों की शुरुआत करेंगे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन

राज्य में विकास कार्यों को तेज करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज से अलग-अलग विभागों की समीक्षा बैठकें शुरू करेंगे। इन बैठकों में विभिन्न सरकारी योजनाओं की प्रगति, बजट खर्च, अधूरी परियोजनाओं और उनके क्रियान्वयन की स्थिति पर विस्तार से चर्चा होगी। जिन योजनाओं में देरी पाई जाएगी, वहां संबंधित अधिकारियों से जवाब मांगा जाएगा और जरूरत पड़ने पर जिम्मेदारी भी तय की जाएगी।
बैठकों में विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव, सचिव और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री का जोर इस बात पर रहेगा कि सरकारी योजनाओं का लाभ तय समय पर आम लोगों तक पहुंचे और विकास कार्यों में आने वाली बाधाओं को जल्द दूर किया जाए।
जारी कार्यक्रम के अनुसार 13 जुलाई को उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की समीक्षा होगी। इसके बाद अलग-अलग तिथियों पर पथ निर्माण, कृषि, पशुपालन, वन, सूचना प्रौद्योगिकी, सूचना एवं जनसंपर्क, उत्पाद, ऊर्जा, कारा और आपदा प्रबंधन समेत अन्य विभागों की समीक्षा बैठकें आयोजित की जाएंगी।

