JHARKHAND – पर्यावरण संरक्षण को लेकर पर्यावरण पहल की बैठक 600 पौधरोपण और जनजागरूकता अभियान चलाने का निर्णय

JAMSHEDPUR : स्वदेशी जागरण मंच से संबद्ध पर्यावरण पहल की समिति की बैठक रविवार को बिष्टुपुर स्थित स्वदेशी कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक में पर्यावरण संरक्षण को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए और आगामी तीन महीनों के लिए व्यापक जनजागरूकता एवं पौधरोपण अभियान की रूपरेखा तैयार की गई।
पर्यावरण पहल के संयोजक मनोज सिंह ने कहा कि देशभर में कई संगठन और सरकारें पर्यावरण संरक्षण के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं लेकिन इसके बावजूद पृथ्वी का तापमान लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि पर्यावरण हितैषी संगठन एकजुट होकर ठोस रणनीति के साथ कार्य करें और आम जनता को भी इस अभियान से जोड़ें।
बैठक में जुलाई अगस्त और सितंबर माह के दौरान 600 पौधरोपण और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण के दायरे को और व्यापक बनाते हुए ध्वनि प्रदूषण जल संरक्षण वायु प्रदूषण ऊर्जा संरक्षण बायोगैस रेन वाटर हार्वेस्टिंग तथा इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के सही उपयोग को लेकर भी जागरूकता अभियान चलाने का फैसला लिया गया।
स्वदेशी जागरण मंच के प्रांत प्रचार प्रमुख अमित मिश्रा ने बताया कि संगठन वर्ष 2016 से कोल्हान क्षेत्र में 8,000 से अधिक पौधे लगा चुका है। इसके अलावा स्कूलों और कॉलेजों में पर्यावरण विषय पर संवाद क्लीन दलमा अभियान जागरूकता रैली और कई अन्य कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष भी डीएफओ सबा आलम के सहयोग से 500 पौधे उचित मूल्य पर उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने शहरवासियों से पर्यावरण पहल के फेसबुक पेज से जुड़ने और पर्यावरण संरक्षण के लिए अपने सुझाव साझा करने की अपील की।
बैठक में वर्कर्स कॉलेज के प्रो. अमर सिंह स्वदेशी जागरण मंच के प्रांत युवा प्रमुख पंकज सिंह प्रांत पर्यावरण प्रमुख डॉ. अनिल राय भाजपा नेत्री रीता मिश्रा एबीवीपी के प्रो. पुष्कर बाला एवं सुजीत कुमार एबीएम कॉलेज के प्रो. नवनीत सिंह दंत चिकित्सक डॉ. सतबीर सिंह सैनी भाजपा नेता बबलू प्रसाद वरिष्ठ नागरिक संगठन के टीवीआर राजू देव कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

