JHARKHAND : खूंटी में पुलिस और पीएलएफआई सदस्य के बीच मुठभेड़, हथियार बरामदगी के दौरान पिस्टल छीनकर भागा; गोली लगने से घायल

Khunti : खूंटी जिले के कर्रा-लोदमा क्षेत्र में आगजनी और लेवी के लिए फायरिंग के मामले में गिरफ्तार पीएलएफआई सदस्य श्रवण दास रविवार सुबह पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में घायल हो गया। घायल नक्सली को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना सुबह करीब 4:30 बजे की बताई जा रही है।जानकारी के अनुसार तोरपा थाना में दर्ज एक मामले की जांच के दौरान खूंटी पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी जिसके आधार पर श्रवण दास समेत अन्य संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया था।

पूछताछ में श्रवण दास ने एक स्थान पर बड़ी मात्रा में हथियार छिपाकर रखने की जानकारी दी। इसके बाद तोरपा जरियागढ़ और अन्य थाना क्षेत्रों की पुलिस टीम ने संयुक्त छापेमारी अभियान चलाकर बताए गए स्थान से हथियार बरामद किए।हथियार बरामदगी के बाद जब पुलिस टीम वापस लौट रही थी तभी जंगल क्षेत्र में श्रवण दास ने कथित तौर पर जरियागढ़ थाना प्रभारी का पिस्टल छीन लिया और जंगल की ओर भागने लगा। भागते समय उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

अचानक हुए हमले के बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से हुई फायरिंग के दौरान श्रवण दास गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे तत्काल कब्जे में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया।घटना की सूचना मिलते ही खूंटी के पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि बरामद हथियारों का इस्तेमाल किन-किन घटनाओं में किया गया था और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की क्या भूमिका रही है।

