Jharkhand: चतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लूट की साजिश रच रहे अंतरराज्यीय गिरोह के चार अपराधी हथियारों समेत गिरफ्तार…

चतरा पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक घटना को होने से पहले ही विफल कर दिया। हंटरगंज थाना क्षेत्र में लूट की योजना बना रहे अंतरराज्यीय गिरोह के चार शातिर अपराधियों को पुलिस ने हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से एक संभावित बड़ी वारदात टल गई।
जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी हंटरगंज क्षेत्र में किसी बड़ी लूट की घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर सदर एसडीपीओ सन्नी वर्धन के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने हंटरगंज स्थित डुमरिया स्कूल परिसर में छापेमारी कर चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के गया जिले के बाराकला निवासी गौतम कुमार उर्फ गौतम पासवान, चतरा के बड़का पिंडरा निवासी चिंटू कुमार उर्फ गोरा पासवान, गया के जयगीर निवासी प्रवीण कुमार तथा फतेहपुर निवासी विकास मांझी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार यह गिरोह झारखंड और बिहार के सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय था और किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में जुटा हुआ था।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो पिस्टल, एक देशी कट्टा, चार जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। बरामद कारतूसों में 7.65 एमएम की दो गोलियां और 8 एमएम की दो गोलियां शामिल हैं।
पुलिस का मानना है कि इन हथियारों का इस्तेमाल किसी बड़ी लूट या अन्य गंभीर अपराध में किया जाना था।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया है कि वे हंटरगंज थाना क्षेत्र में लूट की बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे। हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई के कारण उनकी योजना सफल नहीं हो सकी।
समाहरणालय स्थित कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी अनिमेष नैथानी ने बताया कि अपराध नियंत्रण और संगठित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार अपराधियों का आपराधिक इतिहास लंबा रहा है। गौतम पासवान के खिलाफ झारखंड और बिहार के विभिन्न थानों में नौ मामले दर्ज हैं। वहीं चिंटू कुमार के खिलाफ आठ तथा प्रवीण कुमार के खिलाफ एक मामला दर्ज है। विकास मांझी भी बिहार के चार अलग-अलग आपराधिक मामलों में वांछित था।
इन मामलों में हत्या, लूट, आर्म्स एक्ट समेत कई संगीन अपराध शामिल हैं।
पुलिस ने इस मामले में हंटरगंज थाना में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं गिरोह से जुड़े अन्य फरार अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

