Jharkhand: 20 साल बाद CBI के हत्थे चढ़े 1.25 करोड़ के बैंक घोटाले के आरोपी, नेपाल भागकर छिपाई थी पहचान

धनबाद : करीब 20 वर्षों से फरार चल रहे 1.25 करोड़ रुपये के बैंक घोटाले के दो आरोपियों को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने गिरफ्तार कर लिया है। सीबीआई की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (ACB) धनबाद ने लंबे समय से फरार घोषित अपराधी बृजभूषण प्रसाद और करतार सिंह को अलग-अलग राज्यों से गिरफ्तार किया है।
सीबीआई के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ 31 अगस्त 2005 को आरसी-11(A)/2005-D के तहत मामला दर्ज किया गया था। उन पर नवंबर 2002 से जून 2005 के बीच धनबाद के बैंक मोड़ स्थित भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की मुख्य शाखा से करीब 1.25 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी और गबन करने का आरोप है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम समेत अन्य धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
जांच के दौरान यह सामने आया था कि मामला दर्ज होने के बाद दोनों आरोपी नेपाल फरार हो गए थे। लंबे समय तक गिरफ्तारी से बचने के लिए उन्होंने अपनी पहचान छिपा ली थी। बाद में अदालत ने दोनों को घोषित अपराधी करार दिया था। उनकी गिरफ्तारी के लिए रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी किया गया था और इनाम की घोषणा की गई थी।
सीबीआई की जांच में पता चला कि नेपाल से लौटने के बाद दोनों आरोपी अलग-अलग स्थानों पर छिपकर रह रहे थे। पिछले कुछ महीनों से सीबीआई की टीम उनकी तलाश में जुटी हुई थी। तकनीकी निगरानी और गुप्त सूचना के आधार पर सीबीआई ने विशेष अभियान चलाया और बृजभूषण प्रसाद को महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले के कोपरगांव से तथा करतार सिंह को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से गिरफ्तार कर लिया।
करीब दो दशक बाद हुई इस गिरफ्तारी को सीबीआई धनबाद की बड़ी सफलता माना जा रहा है। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।

