झारखंड:- पलामू में तेज रफ्तार डंपर ने स्कूटी सवार को रौंदा, युवक की मौत के बाद हाईवे जाम…

पलामू जिले के मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र स्थित पोखराहा चौक के पास गुरुवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई। फोरलेन सड़क पार करने के दौरान तेज रफ्तार डंपर ने युवक को टक्कर मार दी और उसे रौंदते हुए मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान पांकी थाना क्षेत्र के करार गांव निवासी 35 वर्षीय माजिद आलम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह स्कूटी से मेदिनीनगर आ रहे थे। इसी दौरान पोखराहा चौक के पास सड़क पार करते समय यह हादसा हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने नेशनल हाईवे को जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने उपायुक्त को मौके पर बुलाने की मांग करते हुए कहा कि वे किसी अन्य अधिकारी से वार्ता नहीं करेंगे।
ग्रामीणों ने पोखराहा चौक पर ओवरब्रिज निर्माण की मांग भी दोहराई। उनका कहना है कि इस क्षेत्र में लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है। साथ ही मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग भी उठाई गई।
हाईवे जाम होने के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर सदर थाना प्रभारी अफजल अंसारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन खबर लिखे जाने तक जाम जारी था।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले 15 दिनों में इसी इलाके में सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोगों की जान जा चुकी है। इसके बावजूद यातायात सुरक्षा और सड़क पार करने की समुचित व्यवस्था नहीं की गई है। घटना के बाद क्षेत्र में प्रशासन के प्रति लोगों की नाराजगी साफ दिखाई दे रही है।

