CRPF में ‘सेकंड इन कमांड’ बने जमशेदपुर के जमील अहमद, हैंडबॉल में कर चुके हैं भारत का नाम रोशन…

Jamshedpur news: जमशेदपुर के मानगो गुलाब बाग के रहने वाले पूर्व अंतरराष्ट्रीय हैंडबॉल खिलाड़ी जमील अहमद को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में बड़ी पदोन्नति मिली है। अब वे डिप्टी कमांडेंट से बढ़कर TwoIC (सेकेंड इन कमांड) बन गए हैं। वर्तमान में वे छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
जमील अहमद ने 1996 में CRPF में इंस्पेक्टर के पद से अपनी सेवा यात्रा शुरू की थी। खेल जगत में भी उन्होंने देश का नाम ऊंचा किया है। उन्होंने भारत की ओर से Youth Commonwealth, South Asian Games और Asian Games जैसे कई अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में हिस्सा लिया है।
झारखंड (अविभाजित बिहार) की टीम से उन्होंने राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लिया और भारतीय हैंडबॉल टीम के साथ झारखंड टीम के कप्तान भी रहे। जमील सीनियर भारतीय हैंडबॉल टीम के चयनकर्ता भी रह चुके हैं।
जमील अपने पिता डॉ. मोहम्मद शरीफ को अपना प्रेरणा मानते हैं और इस सफलता का श्रेय स्वर्गीय यासीन उस्ताद, आनंदेश्वर पांडे और हसन इमाम मलिक को देते हैं।
खेल और सेवा दोनों ही क्षेत्रों में जमील अहमद की उपलब्धि जमशेदपुर और झारखंड के लिए गर्व की बात है।