49396

Jamshedpur:- मानगो शहरी जलापूर्ति योजना के तहत एनएच-33 में पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू, मेयर सुधा गुप्ता ने किया निरीक्षण

खबर को शेयर करें
49396

जमशेदपुर के मानगो नगर निगम क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत मानगो शहरी जलापूर्ति योजना फेज-2, पार्ट-बी के अंतर्गत एनएच-33 के राइट ऑफ वे (ROW) में पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। यह पाइपलाइन जयपाल कॉलोनी से होकर मुख्य पाइपलाइन से जुड़ेगी, जिससे क्षेत्र में जलापूर्ति नेटवर्क को और मजबूत किया जा सकेगा।

कार्य शुरू होने के बाद मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता ने सोमवार को स्थल का निरीक्षण किया और निर्माण कार्य की प्रगति तथा गुणवत्ता का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अभियंताओं और कार्य एजेंसी के प्रतिनिधियों से विस्तृत जानकारी ली तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान मेयर ने कहा कि यह मानगो क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित योजनाओं में से एक है। योजना पूरी होने के बाद हजारों परिवारों को नियमित, स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। उन्होंने बताया कि परियोजना के क्रियान्वयन में लंबे समय से तकनीकी और प्रशासनिक बाधाएं आ रही थीं। खासकर एनएच-33 के राइट ऑफ वे में पाइपलाइन एलाइनमेंट को लेकर विभिन्न विभागों से स्वीकृतियां प्राप्त करनी थीं। लगातार प्रयासों और विभागीय समन्वय के बाद सभी बाधाओं को दूर कर कार्य शुरू कराया गया है।

मेयर सुधा गुप्ता ने कहा कि यह पाइपलाइन मानगो शहरी जलापूर्ति योजना के विस्तार का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसके माध्यम से विभिन्न वार्डों में पेयजल आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं का स्थायी समाधान किया जा सकेगा और भविष्य में जलापूर्ति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मानगो क्षेत्र में पेयजल संकट को दूर करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। नगर निगम लगातार इस दिशा में काम कर रहा है और आने वाले समय में नागरिकों को इसके सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे। साथ ही उन्होंने स्थानीय लोगों से विकास कार्यों के दौरान होने वाली अस्थायी असुविधाओं को जनहित में स्वीकार करने और सहयोग करने की अपील की।

निरीक्षण के दौरान नगर निगम के अधिकारी निशांत कुमार, जूनियर इंजीनियर अमित आनंद, जूनियर इंजीनियर रुपलाल, तकनीकी पदाधिकारी, कार्य एजेंसी के प्रतिनिधि तथा स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मेयर ने स्पष्ट किया कि योजना के प्रत्येक चरण की नियमित निगरानी की जाएगी और गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।