Jamshedpur: बिष्टुपुर में हेलमेट जांच में रिश्वत लेने का वीडियो वायरल, SSP का बड़ा एक्शन, ASI समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित…

जमशेदपुर: बिष्टूपुर थाना क्षेत्र में हेलमेट जांच के दौरान एक युवक से कथित रूप से रुपये लेने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूर्वी सिंहभूम के एसएसपी एहतेशाम वकारिब ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले की जांच में आरोप सही पाए जाने पर एएसआई ललन सिंह आरक्षी प्रकाश कुमार और पंकज कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार कदमा निवासी एक युवक बाइक से साकची जा रहा था। इसी दौरान बिष्टूपुर क्षेत्र में चल रहे हेलमेट जांच अभियान के दौरान पुलिस ने उसे रोक लिया। आरोप है कि जांच के दौरान उससे रुपये की मांग की गई।
बताया जा रहा है कि युवक ने चुपके से एक सिपाही को रुपये देने का प्रयास किया लेकिन उसने कथित तौर पर उसे रुपये एएसआई को देने के लिए कहा। इस दौरान युवक ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
वीडियो एसएसपी एहतेशाम वकारिब के संज्ञान में आते ही उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएसपी ट्रैफिक नीरज को तत्काल जांच के निर्देश दिए। डीएसपी ने वायरल वीडियो की जांच संबंधित पुलिसकर्मियों से पूछताछ तथा अन्य तथ्यों का सत्यापन किया।
जांच रिपोर्ट में आरोप सही पाए जाने के बाद डीएसपी ने अपनी रिपोर्ट एसएसपी को सौंपी। रिपोर्ट के आधार पर वीडियो वायरल होने के करीब छह घंटे के भीतर एएसआई ललन सिंह, आरक्षी प्रकाश कुमार और पंकज कुमार को निलंबित कर दिया गया।


