Jamshedpur: जुगसलाई में 122 रुपए के लिए तोड़फोड़ और हवाई फायरिंग…

जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र के इस्लामनगर में रविवार रात इम्तियाज़ राशन दुकान पर हवाई फायरिंग और तोड़फोड़ की घटना सामने आई है।

दुकान संचालक के अनुसार राज नामक एक युवक ने अपने एक दोस्त को राशन दुकान से सामान लेने के लिए भेजा था। सामान देने के बाद दुकानदार ने बकाया 122 रुपये का स्लिप ग्राहक को दे दिया। आरोप है कि कुछ देर बाद राज दुकान पर पहुंचा और स्लिप देने को लेकर दुकानदार से बहस करने लगा।

दुकान संचालक का कहना है कि विवाद बढ़ने के बाद राज ने दुकान में तोड़फोड़ शुरू कर दी। इतना ही नहीं दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग भी की गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

घटना के बाद आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलते ही जुगसलाई थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।


