जमशेदपुर: नवजात की मौत पर एमजीएम अस्पताल में हंगामा, प्रशासन ने आरोपों को नकारा

जमशेदपुर एमजीएम अस्पताल में एक नवजात बच्चे की मौत के बाद शुक्रवार को परिजनों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा, जिसे शांत कराने के लिए सुरक्षा कर्मियों को हस्तक्षेप करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, परसुडीह निवासी सोनू सिंह की पत्नी ने 1 जून को एमजीएम अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया था। बच्चे का वजन कम होने के कारण उसे एनआईसीयू में भर्ती किया गया था। परिजनों का आरोप है कि इलाज के दौरान अस्पताल की ओर से लापरवाही बरती गई। उनका कहना है कि बच्चे के लिए भेजा गया मां का दूध समय पर नहीं दिया गया, जिससे उसकी हालत बिगड़ती चली गई और आखिरकार उसकी मौत हो गई।
वहीं, अस्पताल प्रशासन ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। अस्पताल का कहना है कि नवजात गंभीर संक्रमण से पीड़ित था और उसकी मौत संक्रमण के कारण हुई है, न कि किसी प्रकार की लापरवाही की वजह से।
फिलहाल, इस घटना को लेकर अस्पताल प्रबंधन और मृतक बच्चे के परिजनों के बीच विवाद की स्थिति बनी हुई है।


