Jamshedpur: धतकीडीह तालाब में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, जांच में जुटी बिष्टुपुर थाना पुलिस…

जमशेदपुर: शहर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित धतकीडीह तालाब में शनिवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने तालाब में शव तैरता देखा जिसके बाद इसकी सूचना तत्काल बिष्टुपुर थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया। घटना की जानकारी फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया।
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। इसके लिए आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है।


