Jamshedpur: फर्जी नंबर प्लेट लगी चोरी की बाइक के साथ दो युवक गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजे गए जेल

जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र में चलाए जा रहे विशेष गश्ती अभियान के दौरान पुलिस ने चोरी की बाइक और फर्जी नंबर प्लेट के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को पूछताछ के बाद अदालत में पेश किया गया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम गश्ती कर रही पुलिस टीम की नजर एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवकों पर पड़ी। पुलिस को देखते ही दोनों युवक भागने का प्रयास करने लगे। उनकी गतिविधि संदिग्ध लगने पर पुलिस ने पीछा कर कुछ दूरी पर दोनों को पकड़ लिया।
वाहन की जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर लगा रजिस्ट्रेशन नंबर और उससे संबंधित दस्तावेज फर्जी थे। इसके बाद पुलिस ने बाइक को जब्त कर लिया और मामले की गहन जांच शुरू कर दी।
गिरफ्तार युवकों की पहचान छोटा गोविंदपुर के सुभाषनगर निवासी मंगल गोप और सुंदरहातु कोचा बस्ती निवासी गुरुचरण सरदार उर्फ छोटू सरदार के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान दोनों ने स्वीकार किया कि मोटरसाइकिल चोरी की थी और उसकी पहचान छिपाने के लिए उस पर नकली नंबर प्लेट लगाई गई थी।
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल कर कानून की नजर से बचने की कोशिश कर रहे थे। इस संबंध में परसुडीह थाना में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई पूरी की गई।
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि बरामद मोटरसाइकिल का इस्तेमाल किसी अन्य आपराधिक घटना में तो नहीं किया गया था। साथ ही आरोपियों के आपराधिक इतिहास और उनके संभावित नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

