50685

जमशेदपुर: क्लासरूम में देसी कट्टा और कारतूस लाने वाले तीन छात्र कॉलेज से निष्कासित, वायरल वीडियो से हुआ खुलासा

खबर को शेयर करें
50685

जमशेदपुर: परसुडीह स्थित श्यामा प्रसाद इंटर कॉलेज में क्लासरूम के भीतर देसी कट्टा और जिंदा कारतूस लाने का मामला सामने आने के बाद कॉलेज प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए तीन छात्रों को निष्कासित कर दिया है। यह मामला सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के बाद उजागर हुआ।

जानकारी के अनुसार 19 जून को 12वीं विज्ञान संकाय का एक छात्र अपने बैग में देसी कट्टा और जिंदा कारतूस लेकर कॉलेज पहुंचा था। क्लासरूम में वह अन्य छात्रों को हथियार दिखा रहा था। इसी दौरान एक छात्र ने इसका वीडियो बना लिया जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

वीडियो सामने आने के बाद शुरुआत में कॉलेज प्रबंधन ने घटना से अनभिज्ञता जताई लेकिन जांच के दौरान वीडियो की सत्यता की पुष्टि हुई। जांच में पता चला कि वीडियो में दिखाई देने वाले छात्र कॉलेज के ही विज्ञान संकाय के विद्यार्थी हैं।

कॉलेज प्रशासन द्वारा पूछताछ किए जाने पर हथियार लाने वाले छात्र ने स्वीकार किया कि कुछ समय पहले छात्रों के बीच हुई मारपीट के बाद वह कॉलेज में अपना दबदबा बनाना चाहता था। इसी वजह से वह हथियार लेकर आया था। छात्र ने यह भी बताया कि उसे यह हथियार उसके इलाके के एक परिचित युवक ने दिया था।

कॉलेज के प्राचार्य एस.सी. महतो ने बताया कि मामले की जांच के बाद आरोप सही पाए गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए वीडियो में शामिल तीनों छात्रों को कॉलेज से निष्कासित करने का निर्णय लिया गया है।

प्राचार्य ने कहा कि कॉलेज परिसर में अनुशासन और सुरक्षा बनाए रखने के लिए निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। साथ ही छात्रों को जागरूक करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।