Jamshedpur: टाटानगर स्टेशन से तीन ब्राउन शुगर तस्कर गिरफ्तार, ऑपरेशन नारकोस को बड़ी सफलता…

Jamshedpur News:- टाटानगर रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को बड़ी सफलता मिली है। ऑपरेशन नारकोस के तहत कार्रवाई करते हुए आरपीएफ ने तीन ब्राउन शुगर तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से लाखों रुपये की नशीली दवा ब्राउन शुगर बरामद की गई है।
वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त चक्रधरपुर मंडल के निर्देश पर आरपीएफ की टीम ने स्टेशन परिसर में छापेमारी कर तीन तस्करों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके पास से 28 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई जिसका कुल वजन 3.56 ग्राम है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान परसुडीह थाना क्षेत्र के किताडीह निवासी मुस्तकीम अंसारी उर्फ रतन, बर्मामाइंस कैरेज कॉलोनी निवासी बसंत उपाध्याय उर्फ डेफिनिटी और गोलमुरी खालसा क्लब के पास रहने वाले राहुल कुमार डे के रूप में हुई है।
जांच में सामने आया है कि मुस्तकीम अंसारी उर्फ रतन सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर इलाके से ब्राउन शुगर लाकर टाटानगर स्टेशन परिसर में बसंत उपाध्याय और राहुल कुमार डे को बेच रहा था। इसी दौरान तीनों को रंगे हाथों पकड़ लिया गया।
आरपीएफ ने आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन और 4,330 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। जब्त की गई ब्राउन शुगर की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 56 हजार रुपये बताई जा रही है। कुल बरामद सामान की कीमत लगभग 4 लाख 20 हजार 330 रुपये आंकी गई है।
यह पूरी कार्रवाई रेलवे में नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन नारकोस के तहत की गई है। गिरफ्तार आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित थाने को सौंप दिया गया है।

