55386

Jamshedpur:- परसुडीह बाजार में छह दुकानों में चोरी, नकदी, सब्जियां और आठ बत्तख ले उड़े चोर

खबर को शेयर करें
55386

जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित परसुडीह बाजार में बीती रात अज्ञात चोरों ने छह दुकानों को निशाना बनाते हुए नकदी, सब्जियां और अन्य सामान की चोरी कर ली। शुक्रवार सुबह जब दुकानदार अपनी दुकानें खोलने पहुंचे तो टूटे ताले और बिखरा सामान देखकर हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर स्थानीय दुकानदार मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी।

आलू-प्याज व्यवसायी अजय यादव ने बताया कि चोर उनकी दुकान से नकदी वाला गल्ला उठा ले गए। बाद में बाजार से कुछ दूरी पर गल्ला टूटा हुआ मिला, लेकिन उसमें रखे करीब दो हजार रुपये और जरूरी दस्तावेज गायब थे। वहीं, दुखी पोद्दार की दुकान से एक कैरेट टमाटर, मधु पोद्दार की दुकान से लहसुन और खुदरा नकदी चोरी हो गई। इसके अलावा नीति मुर्गी दुकान से आठ बत्तख भी चुरा लिए गए। सुनील पान दुकान का कैश काउंटर भी तोड़ा गया, लेकिन उसमें नकदी नहीं होने के कारण चोरों के हाथ कुछ नहीं लगा।

घटना के बाद दुकानदारों ने बाजार की सुरक्षा व्यवस्था पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि बाजार समिति नियमित रूप से शुल्क वसूलती है, लेकिन रात में सुरक्षा के लिए कोई चौकीदार तैनात नहीं किया जाता। उन्होंने बाजार में स्थायी सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे लगाने और नियमित रात्रि गश्त की मांग की है।

सूचना मिलने पर परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और चोरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से बाजार के व्यापारियों में भय और आक्रोश का माहौल है।