Jamshedpur: मानगो जवाहरनगर के बंद पड़े मकान से अज्ञात युवक का शव बरामद, मौत के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र के जवाहर नगर रोड नंबर-15 स्थित गैस गोदाम हेवन पैलेस के पीछे एक बंद पड़े मकान से शुक्रवार को एक अज्ञात युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, युवक अक्सर इसी इलाके में घूमता हुआ दिखाई देता था लेकिन उसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है।

फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई इसका खुलासा नहीं हो पाया है। आसपास रहने वाली एक महिला ने बताया कि इस क्षेत्र में सांपों का काफी आतंक रहता है ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत सांप के काटने से हुई हो सकती है। हालांकि पुलिस ने किसी भी संभावना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। बता दें कि कुछ दिन पहले ही मानगो के दाईगुट्टू इलाके में भी एक नाले से अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ था जिसकी पहचान और मौत के कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है।


